बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी करेंगे एकत्र

भास्कर न्यूज | अमृतसर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची की स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) प्रक्रिया के तहत अमृतसर जिले में वोटर मैपिंग का काम जारी है। इसके अंतर्गत वर्तमान मतदाता सूची में दर्ज मतदाताओं का वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मैपिंग की जा रही है। इस प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है। जिला चुनाव अधिकारी एवं डिप्टी कमिश्नर अमृतसर दलविंदरजीत सिंह ने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत मतदाताओं के नाम हटाने, पते में संशोधन करने और दोहराए गए नामों को हटाने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले के 11 विधानसभा क्षेत्रों में नियुक्त 2134 बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर मतदाताओं से आवश्यक जानकारी एकत्र करेंगे और संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन करेंगे। इस पहल से मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, सटीक और भरोसेमंद बनाने में मदद मिलेगी। जिला चुनाव अधिकारी ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की कि वे भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान में पूरा सहयोग दें और बूथ लेवल अधिकारियों को आवश्यक जानकारी व दस्तावेज उपलब्ध कराएं, ताकि मतदाता सूची को समय पर सही किया जा सके। उन्होंने कहा कि एक सटीक और त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने के लिए अत्यंत आवश्यक है और नागरिकों की भागीदारी से ही यह लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *