फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ रिलीज से पहले ही विवादों में फंस गई है। फिल्म के टाइटल को लेकर ब्राह्मण समाज और धार्मिक संगठनों ने आपत्ति जताई है। वहीं, बढ़ते विरोध के बीच फिल्ममेकर नीरज पांडे ने आधिकारिक बयान जारी कर फिल्म को पूरी तरह काल्पनिक बताया है। फिल्म को लेकर नीरज पांडे ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, हमारी फिल्म एक काल्पनिक पुलिस ड्रामा है और इसमें ‘पंडत’ शब्द का इस्तेमाल सिर्फ एक काल्पनिक किरदार के लिए आम बोलचाल के नाम के तौर पर किया गया है। इस कहानी का फोकस एक व्यक्ति के काम और उसके फैसलों पर है। इसका किसी भी जाति, धर्म या समुदाय से कोई संबंध नहीं है और न ही यह किसी का प्रतिनिधित्व करती है।
आगे उन्होंने लिखा, एक फिल्ममेकर के तौर पर मैं अपनी ज़िम्मेदारी को गंभीरता से लेता हूं और ऐसी कहानियां कहना चाहता हूं जो सोच-समझकर और सम्मान के साथ बनाई जाएं। यह फिल्म भी मेरे पिछले कामों की तरह ईमानदार नीयत से और सिर्फ दर्शकों के मनोरंजन के लिए बनाई गई है।
उन्होंने यह भी लिखा, हम समझते हैं कि फिल्म के टाइटल से कुछ लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं और हम उन भावनाओं का सम्मान करते हैं। इन्हीं बातों को ध्यान में रखते हुए हमने फिलहाल फिल्म से जुड़ा सारा प्रमोशनल मटीरियल हटाने का फैसला किया है। हमारा मानना है कि फिल्म को पूरी तरह देखकर और उसकी कहानी के संदर्भ में समझा जाना चाहिए, न कि सिर्फ कुछ झलकियों के आधार पर उसे आंका जाए। मैं जल्द ही यह फिल्म दर्शकों के साथ शेयर करने के लिए उत्सुक हूं।
विवाद की वजह क्या है? फिल्म के नाम ‘घूसखोर पंडत’ पर कई लोगों ने आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि ‘पंडत’ शब्द आम तौर पर ब्राह्मण समाज और धार्मिक विद्वानों से जुड़ा होता है, लेकिन इसके साथ ‘घूसखोर’ शब्द जोड़ना गलत है। लोगों का मानना है कि इससे ब्राह्मण समाज को गलत तरीके से दिखाया जा रहा है। ब्राह्मण समाज और धार्मिक संगठनों का विरोध फिल्म के नाम को लेकर सबसे ज्यादा नाराजगी ब्राह्मण समाज में देखने को मिली है। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल समेत कई शहरों में ब्राह्मण समुदाय के लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किए। FIR और कानूनी कार्रवाई विवाद बढ़ने के बाद FIR भी दर्ज करवाई गई। मुंबई के समता नगर पुलिस स्टेशन में शिवसेना (UBT) के एक प्रवक्ता ने नेटफ्लिक्स के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कहा गया है कि फिल्म का टाइटल आपत्तिजनक है और इसकी तुरंत जांच होनी चाहिए। वहीं, लखनऊ के हजरतगंज थाने में FIR दर्ज कराई गई है। इसके साथ ही इस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट में भी एक याचिका दाखिल की गई है, जिसमें फिल्म के टाइटल को गलत बताते हुए फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की गई है। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग का संज्ञान वहीं, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने भी इस मामले में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को नोटिस जारी कर दिया है। आयोग ने कहा है कि इस तरह के टाइटल और फिल्म कंटेंट से न केवल समुदायों के बीच वैमनस्य बढ़ सकता है, बल्कि सार्वजनिक व्यवस्था को भी खतरा हो सकता है, इसलिए मामले को ध्यान से देखा जाना चाहिए। फिल्म संस्था फिल्म मेकर्स कंबाइन ने नीरज पांडे और नेटफ्लिक्स को नोटिस भेजा है। संस्था का कहना है कि फिल्म के टाइटल के लिए जरूरी अनुमति नहीं ली गई, जो इंडस्ट्री के नियमों के खिलाफ है। नोटिस में चेतावनी दी गई है कि बिना अनुमति टाइटल इस्तेमाल करने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई हो सकती है।


