बुजुर्ग महिला की हत्या का खुलासा:जमीन के लालच में बहन के नाती ने पत्थर से कुचला था सिर, आरोपी गिरफ्तार

मैहर जिले के ताला थाना क्षेत्र के धतुई गांव में 71 वर्षीय बुजुर्ग महिला गीता अग्निहोत्री की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने महिला की बहन के 22 वर्षीय नाती राजकुमार उर्फ मिसरा को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने जमीन हड़पने की नीयत से वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार गीता अग्निहोत्री निःसंतान थीं और उनके पति की करीब आठ साल पहले मौत हो चुकी थी। वह गांव में अकेली रहती थीं। उनके देवर और भतीजे रीवा में रहते हैं, जो समय-समय पर उनका हालचाल लेते थे। सिर में मिले थे चोट के निशान
31 जनवरी और 1 फरवरी को जब महिला का फोन नहीं लगा, तो देवर का बेटा गांव पहुंचा। घर के आंगन में गीता अग्निहोत्री का शव पड़ा मिला। उनके सिर पर पत्थर से गंभीर चोट के निशान थे। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि मृतका की बहन मानवती अग्निहोत्री की ससुराल भी उसी गांव में है। मानवती के नाती राजकुमार की नजर गीता अग्निहोत्री के नाम दर्ज 5 एकड़ कृषि जमीन पर थी। इस जमीन को पाने के लिए आरोपी और उसके परिजनों ने अमरपाटन न्यायालय में मुकदमा भी दायर कर रखा था, जिसका मृतका के देवर पक्ष द्वारा विरोध किया जा रहा था। जमीन के मामले में दर्ज होना था महिला का बयान
पुलिस ने संदेह के आधार पर राजकुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछने पर उसने हत्या की बात कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि जमीन के मामले में गीता अग्निहोत्री का बयान दर्ज होना था। जमीन हाथ से निकलती देख वह 31 जनवरी की सुबह उनके घर पहुंचा। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया, जिसके बाद उसने महिला को जमीन पर गिराकर भारी पत्थर से सिर कुचल दिया। पुलिस ने बताया कि झूमा-झटकी के दौरान मृतका ने आरोपी को दांत से काट भी लिया था। लूट का भी खुलासा हत्या के बाद आरोपी महिला के पैरों से चांदी की पायल और हाथ से अंगूठी निकालकर ले गया। घर पहुंचकर उसने खून से सने कपड़े बदले और सामान्य तरीके से घूमता रहा। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कपड़े, चांदी की पायल और अंगूठी बरामद कर ली है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *