कोतवाली पुलिस थाना क्षेत्र के मोहर मंगरी इलाके में बीती रात अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने घर के बाहर खड़े दो ऑटो में पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। अचानक आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग घबरा गए और तुरंत मौके पर पहुंचकर पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि तब तक दोनों ऑटो पूरी तरह जल चुके थे और कबाड़ में तब्दील हो गए। इस मामले में पीड़ित ने एक लिखित रिपोर्ट दी है। घर के बाहर खड़े थे दोनों ऑटो SHO तुलसीराम प्रजापत ने बताया कि मोहर मंगरी निवासी शिव प्रकाश सोनी और उनके भाई गोपाल सोनी के ऑटो रोज की तरह उनके घर के बाहर खड़े थे। रात के समय जब पूरा इलाका शांत था, उसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए अज्ञात बदमाशों ने पहले पेट्रोल छिड़का और फिर आग लगा दी। बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। जब तक किसी को कुछ समझ में आता, तब तक आग ने दोनों ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया। घटना रात के करीब 11 बजे की बताई जा रही है। लोगों ने खुद बुझाई आग आग लगने के बाद जब लपटें तेज उठने लगीं तो आसपास रहने वाले लोग जाग गए। शोर सुनकर मोहल्ले के कई लोग घरों से बाहर निकले और बाल्टी व अन्य साधनों से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। लोगों की तत्परता से आग को फैलने से तो रोक लिया गया, लेकिन दोनों ऑटो पूरी तरह जल चुके थे। यदि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती तो आसपास के मकानों को भी नुकसान पहुंच सकता था। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में देर रात तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। ऑटो मालिकों को भारी नुकसान इस आगजनी की घटना से ऑटो मालिक शिव प्रकाश सोनी और गोपाल सोनी को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। दोनों ऑटो ही उनकी आमदनी का मुख्य साधन थे। ऑटो मालिकों ने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है और उन्हें समझ में नहीं आ रहा कि यह वारदात किसने और क्यों की। पुलिस में दी रिपोर्ट, जांच जारी घटना के बाद ऑटो मालिकों ने कोतवाली पुलिस थाना में रिपोर्ट दी है। कोतवाली थाना प्रभारी तुलसीराम प्रजापत ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में दो बाइक सवार बदमाश थे। अब इसके पीछे क्या कारण है, उसकी जानकारी जुटा रहे है। आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रहे है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस घटना का खुलासा किया जाएगा और दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।


