राजगढ़ जिले के छापीहेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खजुरी गोकुल स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में चोरी की एक और वारदात सामने आई है। दिनदहाड़े हुई चोरी की जानकारी जैसे ही शाम को ग्रामीणों को लगी, गांव में आक्रोश फैल गया और गुरुवार की रात सैकड़ों ग्रामीण एकजुट होकर छापीहेड़ा थाने पहुंचे, जहां उन्होंने लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि गुरुवार 5 फरवरी को दोपहर करीब 1 बजे से 4 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश कर हनुमानजी की प्रतिमा से लगभग एक किलो वजनी चांदी का मुकुट और करीब 200 ग्राम वजनी ‘राम नाम’ अंकित चांदी की माला चोरी कर ली। हैरानी की बात यह रही कि वारदात के दौरान मंदिर परिसर में सामान्य आवाजाही बनी हुई थी, इसके बावजूद चोर आसानी से गर्भगृह तक पहुंचे और कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए। शाम को पूजा-अर्चना के समय पंडित शुभम शर्मा और ग्रामीणों को चोरी का पता चला, जिसके बाद पूरे गांव में हलचल मच गई। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और रात में सीधे थाने पहुंचकर घटना की सूचना दी। 15 दिन पहले भी हुई थी चोरी
गौरतलब है कि इसी मंदिर से 21 जनवरी 2026 को भी 500 से 700 ग्राम वजनी चांदी का छत्र चोरी हो चुका है। उस मामले में अब तक चोरों का कोई सुराग नहीं लगने से ग्रामीणों में पहले से ही नाराजगी थी। पखवाड़े में दूसरी चोरी ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रात में थाने पहुंचे ग्रामीणों ने कहा कि हनुमान मंदिर गांव की आस्था का केंद्र है और दिनदहाड़े लगातार हो रही चोरियां बेहद चिंताजनक हैं। ग्रामीणों ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है। इधर, पुलिस ने आवेदन मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही चोरी का खुलासा करने का दावा किया जा रहा है। फिलहाल, मंदिर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों की आस्था के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


