बॉलीवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार ने परिवार के साथ राजस्थान के सिरोही में जवाई लेपर्ड सफारी का आनंद लिया। शनिवार दोपहर को पत्नी ट्विंकल खन्ना और बेटी के साथ सिरोही हवाई पट्टी पर उतरने के बाद वे सीधे बेड़ा की ओर रवाना हो गए थे। अक्षय कुमार का दो दिन का यह पारिवारिक दौरा सोमवार को समाप्त होना था, लेकिन उन्होंने एक दिन और ठहरने का फैसला लिया। मंगलवार दोपहर को वे चार्टर्ड विमान से मुंबई के लिए रवाना हुए। सिरोही हवाई पट्टी पर प्रशासन ने उनका विशेष स्वागत किया था। मुंबई लौटते समय अक्षय ने अपने टूर को मजेदार बताते हुए, जल्द वापस आने की बात कही। गौरतलब है कि अक्षय कुमार हाल ही में जयपुर के पास चौमूं में अपनी एक फिल्म की शूटिंग के लिए आए थे। राजस्थान की खूबसूरती से प्रभावित होकर उन्होंने अपने परिवार के साथ सिरोही की यात्रा का कार्यक्रम बनाया। जवाई में लेपर्ड सफारी के अलावा उन्होंने परिवार के साथ क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता का भी आनंद लिया।


