पंजाब के लुधियाना में एक्टिवा सवार तीन बदमाशों ने डिवीजन नंबर-4, थाना दरेसी, डिवीजन नंबर-3 और बस्ती जोधेनवाल थाना पुलिस को खुली चुनौती दे रखी है। ये बदमाश कभी एक्टिवा तो कभी बाइक पर सवार होकर स्नेचिंग और लूट की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। खासतौर पर ये सुबह सैर करने या मंदिर जाने वाले लोगों को निशाना बना रहे हैं। सुबह 5:34 बजे बुजुर्ग को बनाया शिकार
ताजा मामला प्राचीन संगला वाला शिवाला मंदिर रोड, पुरानी माधोपुरी का है। सुबह करीब 5:34 बजे एक्टिवा पर सवार होकर मंदिर जा रहे एक बुजुर्ग को बदमाशों ने घेर लिया। उन्होंने पहले उसकी एक्टिवा के आगे अपनी एक्टिवा लगाई, फिर दो बदमाशों ने नीचे उतरकर धारदार हथियार दिखाकर उसे रोक लिया और चाबी निकाल ली। इसके बाद उसकी तलाशी ली। हथियारों के डर से बुजुर्ग ने खुद ही जेब से नकदी निकालकर दे दी, जिसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। हौजरी कारोबारी पर हमला, सिर पर मारी रॉड
डर के कारण नाम न बताने की शर्त पर एक हौजरी कारोबारी ने बताया कि मंगलवार को सुंदर नगर पुली घाटी मोहल्ला के पास बदमाशों ने उसे घेर लिया। उसकी जेब में 10 हजार रुपए थे। विरोध करने पर एक बदमाश ने उसके सिर पर रॉड मार दी, जिससे वह बेहोश हो गया और आरोपी नकदी निकाल कर फरार हो गए। कारोबारी ने बताया कि दो दिन पहले गौशाला रोड पर एक हलवाई के वर्कर से भी इन्हीं बदमाशों ने स्नेचिंग की थी। वहीं घंटाघर के नीचे भटूरे-चने लगाने वाले व्यक्ति से भी लूट की वारदात हुई थी। इन बदमाशों ने पूरा इलाके में आतंक मचाया है। सुबह या देर रात कोई भी व्यक्ति लूट के डर से बाहर नहीं निकलता। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लगातार मिल रही शिकायतों के बाद बदमाशों को पकड़ने के लिए टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही उन्हें ट्रैप कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


