इंदौर के गांधी नगर इलाके में रहने वाले नगर निगम के सफाईकर्मी प्रफुल्ल शिंदे (32) ने गुरूवार रात फांसी लगा ली। जानकारी के अनुसार, प्रफुल्ल दिन में एक परिचित की शादी समारोह में अपनी पत्नी के साथ गए थे और शाम तक घर लौट आए। रात में जब वह कमरे से बाहर नहीं निकले, तो परिवार ने उन्हें देखकर अस्पताल ले गया। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांधी नगर पुलिस के अनुसार, प्रफुल्ल की मानसिक स्थिति पिछले कुछ महीनों से ठीक नहीं थी और उसने पहले भी आत्महत्या का प्रयास किया था। वह पल्हर नगर जोन में सफाईकर्मी के रूप में कार्यरत थे। उनके परिवार में एक बहन है, जिसकी शादी हो चुकी है। फर्नीचर कारीगर ने भी खाया जहर इसी दिन एमजी रोड पुलिस को सूचना मिली कि राजू (42) पुत्र महादेव ने जहर खा लिया है। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रात में उनकी मौत हो गई। रिश्तेदारों ने बताया कि राजू घर पर ही थे। उनकी पत्नी स्कूल में काम करती हैं और छुट्टी के बाद घर लौटकर उन्हें बेसुध पाया। बाद में पड़ोसियों की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाया गया। राजू फर्नीचर बनाने का काम करते थे। उनके परिवार में पत्नी दीपाली और 8 साल की बेटी है। माता-पिता और अन्य भाई अलग रहते हैं। पुलिस ने बताया कि अभी पत्नी का बयान नहीं लिया गया है और मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिवार ने बताया कि राजू को कर्ज की वजह से तनाव नहीं था, लेकिन दो दिन पहले उनका मोबाइल खो जाने से वे परेशान थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


