समर्थन-विरोध के बीच कोयला खदान जनसुनवाई:MCB में ग्रामीणों ने जल-जंगल उजड़ने की जताई चिंता, चिरमिरी में प्रस्तावित है खदान

एमसीबी जिले के ग्राम भुकभुकी, जनपद पंचायत खड़गवां में अंजन हिल कोयला खदान परियोजना को लेकर जनसुनवाई हुई। यह जनसुनवाई समर्थन और विरोध के बीच संपन्न हुई। दक्षिण-पूर्वी चिरमिरी कोलफील्ड क्षेत्र में प्रस्तावित यह परियोजना अंजन माइंस प्राइवेट लिमिटेड की ओर से लगभग 388.261 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित की जानी है। यह साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के चिरमिरी क्षेत्राधिकार अंतर्गत आती है। प्रशासन ने जनसुनवाई के लिए सुरक्षा की दृष्टि से व्यापक इंतजाम किए थे, जिसमें कई जिलों से पुलिस बल को बुलाया गया था। अपर कलेक्टर अनिल सिदार, पर्यावरण जलवायु संरक्षण अधिकारी शैलेश पिसदा, अनुविभागीय अधिकारी विजयेन्द्र सारथी, सीएसपी दीपिका मिंज, एसईसीएल के महाप्रबंधक अशोक कुमार और सब एरिया मैनेजर मनीष सिंह सहित अन्य अधिकारी मंच पर उपस्थित रहे। जंगल-पहाड़ नष्ट होने की आशंका जनसुनवाई के दौरान परियोजना के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान 6 गांवों के ग्रामीणों ने निजी भूमि अधिग्रहण और जंगल-पहाड़ नष्ट होने की आशंका व्यक्त की। इस पर एसईसीएल के महाप्रबंधक अशोक कुमार ने स्पष्ट किया कि परियोजना का विकास केवल आवंटित लीज क्षेत्र के भीतर ही होगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि किसी भी निजी भूमि का अधिग्रहण नहीं किया जाएगा और न ही परियोजना से कोई विस्थापन या पुनर्वास होगा। परियोजना का विरोध जनप्रतिनिधियों और कुछ ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विकास, रोजगार के नए अवसरों और आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि की संभावनाओं को देखते हुए परियोजना का समर्थन किया। वहीं, कुछ अन्य ग्रामीणों ने मंच पर आकर परियोजना का कड़ा विरोध किया। उन्होंने कहा कि पहले शासन-प्रशासन उन्हें गोली मार दे, तभी यहां ओपन कास्ट माइंस खोली जाए, अन्यथा वे जीते जी माइंस नहीं खुलने देंगे। ग्रामीणों ने चिंता जताई कि ओपन माइंस खुलने से उनके जंगल नष्ट हो जाएंगे और जलस्तर नीचे चला जाएगा। पालन करने का आश्वासन कंपनी के अनुसार, प्रस्तावित खदान से वनों, जल स्रोतों और वन्यजीवों पर कोई प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं है। कंपनी ने सभी वैधानिक मानकों का कड़ाई से पालन करने का आश्वासन दिया है। सफल जनसुनवाई के बाद अब कंपनी द्वारा आवश्यक वैधानिक स्वीकृतियों की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *