धौलपुर में सागरपाड़ा पुलिस चौकी के पास बनाया वॉचटावर:24 घंटे पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात, ट्रकों और संदिग्ध वाहनों पर रहेगी पैनी नजर

धौलपुर में मध्य प्रदेश सीमा पर अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है। सागरपाड़ा पुलिस चौकी क्षेत्र में सीमा के पास डिवाइडर पर एक मचान (वॉचटावर) का निर्माण किया गया है, जहां पुलिसकर्मियों को 24 घंटे तैनात किया गया है। इस मचान से गुजरने वाले ट्रकों और संदिग्ध वाहनों पर पैनी नजर रखी जा रही है। एसपी विकास सांगवान के निर्देश पर यह विशेष निगरानी व्यवस्था लागू की गई है। मचान पर तैनात पुलिसकर्मी ऊंचाई से ट्रकों की आवाजाही पर नजर रखते हैं, जिससे संदिग्ध वाहनों की पहचान करना आसान हो जाता है। नई व्यवस्था के तहत दिन-रात गश्त बढ़ाई
पुलिस ने बताया कि अवैध बजरी परिवहन में लिप्त ट्रक अक्सर रात के समय सीमा पार करने का प्रयास करते थे। नई व्यवस्था के तहत दिन-रात गश्त बढ़ाई गई है और वाहनों की चेकिंग को सख्त किया गया है। संदिग्ध पाए जाने पर वाहनों को तत्काल रोककर उनके दस्तावेजों की जांच की जा रही है। नियमों का उल्लंघन मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही पशु क्रूरता के मामलों को लेकर भी पुलिस सतर्क है। अवैध रूप से पशुओं के परिवहन और उनके साथ अमानवीय व्यवहार की शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सीमा क्षेत्र में किसी भी तरह की गैरकानूनी गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लोगों ने पुलिस की पहल का किया स्वागत
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल का स्वागत किया है। उनका कहना है कि मचान बनाकर निगरानी रखने से अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगेगी और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत होगी। पुलिस प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। एसपी सांगवान ने दोहराया कि सीमा पर सुरक्षा और सख्ती आगे भी जारी रहेगी। अवैध बजरी, पशु क्रूरता और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *