जयपुर के हरमाड़ा स्थित लोहामंडी इलाके में शुक्रवार को जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) का दस्ता अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए पहुंचा। JDA की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था की स्थिति न बने। JDA की टीम लोहामंडी बाजार में दुकानों के बाहर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई कर रही है। दुकानों के बाहर बनाई गई सीढ़ियां, रैंप और अन्य अस्थायी निर्माण को हटाया जा रहा है, जो सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण कर बनाए गए थे। JDA अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई सड़क को अतिक्रमण मुक्त करने और आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की जा रही है। 4 महीने पहले हुआ था दर्दनाक हादसा दसरसल चार महीने पहले लोहामंडी इलाके में एक डंपर ने तांडव मचा दिया था। इस भीषण और दुखद हादसे में 15 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि 2 दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। हादसे के बाद इलाके में सड़क सुरक्षा और अतिक्रमण को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए थे। स्थानीय लोगों ने तब प्रशासन को बताया था कि सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण के कारण हादसे हो रहे है। जिसके बाद अब जेडीए का पीला पंजा अवैध निर्माण ध्वस्त कर रहा है। सुरक्षा के मद्देनज़र की जा रही कार्रवाई JDA की मौजूदा कार्रवाई को उसी हादसे के बाद उठाए गए सुरक्षा कदमों से जोड़कर देखा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में सड़क संकरी होने और दुकानों के बाहर अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित होता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस जाब्ता तैनात, स्थिति नियंत्रण में कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह के विरोध या विवाद से निपटने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस का जाब्ता तैनात किया गया है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और JDA की टीम नियमानुसार अतिक्रमण हटाने का काम कर रही है। वहीं प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगे भी शहर के अन्य इलाकों में इसी तरह अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा, ताकि सड़कों को सुरक्षित और सुगम बनाया जा सके।


