ट्रेन के कोच में टॉयलेट में फैली गंदगी की शिकायत पर टीटी पैसेंजर पर भड़क गया। टीटी ने पैसेंजर के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। वीडियो बनने पर टीटी पैसेंजर का फोन छीनने की कोशिश करने लगा। घटना गुरुवार को कोटा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 की है। टीटी और पैसेंजर के बीच विवाद का वीडियो सामने आया है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि मामला कोटा मंडल से जुड़ा नहीं है। पैसेंजर ने कोटा में शिकायत नहीं की। दुरंतो एक्सप्रेस में दिल्ली का स्टाफ था। टीटी मुकेश कुमार ने दिल्ली कंट्रोल रूम को पूरी घटना के बारे में बताया है। वहां शिकायत दर्ज हुई है। अब देखिए, घटना से जुड़ी 2 PHOTOS… हाउसकीपिंग स्टाफ ने चलती ट्रेन में सफाई कर दी थी वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया- गार्ड के डिब्बे के पीछे एक अतिरिक्त कोच लगा था, जो बाकी कोच से जुड़ा हुआ नहीं था। इस कारण सफाई के लिए ऑन बोर्ड हाउसकीपिंग स्टाफ इस कोच में नहीं आ पा रहा था। ट्रेन के कोटा से रवाना होते ही ऑन बोर्ड हाउसकीपिंग स्टाफ ने चलती ट्रेन में सफाई कर दी थी। टीटी ने शिकायत का समाधान नहीं करवाया जानकारी के अनुसार, यात्री मंगेश तिवारी अपने परिवार के साथ दुरंतो एक्सप्रेस (12283) में सफर कर रहे थे। मंगेश का DL 1 कोच में रिजर्वेशन था। वीडियो में मंगेश का आरोप है कि कोच के टॉयलेट में गंदगी भरी हुई थी, जिसके कारण कोच में सफर कर रहे यात्री परेशान हो रहे थे। इस कोच का बाकी कोच से कनेक्शन नहीं था, इस कारण यात्री टॉयलेट के लिए दूसरे कोच में भी नहीं जा पा रहे थे। वीडियो बनाने पर टीटी ने एतराज जताया टॉयलेट में गंदगी की शिकायत टीटी को की गई थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। सुबह 11:40 बजे ट्रेन कोटा स्टेशन पहुंची, तो फिर से टीटी से शिकायत की गई, लेकिन टीटी ने शिकायत का समाधान नहीं करवाया। मंगेश का आरोप है कि वीडियो बनाने पर टीटी ने एतराज जताया, बदसलूकी की और मोबाइल छीनने की कोशिश की। मारपीट का प्रयास भी किया गया, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया।


