जिला मुख्यालय पर वकीलों का विरोध प्रदर्शन शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। गुढ़ागौड़जी क्षेत्र के राजस्व प्रकरणों को झुंझुनूं में ही यथावत रखने की मांग को लेकर वकील लामबंद हैं। बार एसोसिएशन के आह्वान पर वकील तीन दिवसीय कार्य बहिष्कार पर हैं, जिससे अदालती कामकाज पूरी तरह ठप नजर आ रहा है। तीन दिवसीय महापड़ाव: न्याय की गुहार और कार्य बहिष्कार वकीलों का कहना है कि गुढ़ागौड़जी के राजस्व मामलों को अन्यत्र स्थानांतरित करने की सुगबुगाहट से स्थानीय पक्षकारों और वकीलों में रोष है। अपनी मांग को मनवाने के लिए वकीलों ने तीन दिन के सामूहिक कार्य बहिष्कार का निर्णय लिया है। आज धरने के दूसरे दिन बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने कोर्ट परिसर के बाहर एकत्र होकर नारेबाजी की और अपनी एकजुटता प्रदर्शित की। विधायक राजेंद्र भांबू को सौंपा ज्ञापन आंदोलन की गंभीरता को देखते हुए बार एसोसिएशन के सचिव ने बताया कि वकीलों के एक प्रतिनिधिमंडल ने झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू से मुलाकात की है। हमने विधायक को विस्तार से जनहित और वकीलों की समस्याओं से अवगत कराया है। उन्हें ज्ञापन सौंपकर मांग की गई है कि गुढ़ागौड़जी के राजस्व मामलों को झुंझुनूं मुख्यालय पर ही रखा जाए ताकि आम जनता को असुविधा न हो। ये मामले स्थानांतरित होते हैं, तो ग्रामीणों को लंबी दूरी तय करनी होगी, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होगी।


