प्रतापगढ़ में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के नए प्रावधानों के विरोध में सकल सामान्य समाज ने शुक्रवार को एक विशाल वाहन रैली निकाली। यह रैली जिला कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया। इस राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने भाग लिया। वाहन रैली का शुभारंभ सुबह किला परिसर स्थित बाण माता मंदिर से हुआ। दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ यह रैली गांधी चौराहा, सदर बाजार और बस स्टैंड सहित शहर के प्रमुख मार्गों से गुज़री। इस दौरान समाज के सदस्यों ने शांतिपूर्ण ढंग से UGC के नए प्रावधानों का विरोध किया और सामाजिक समरसता बनाए रखने की अपील की। सकल सामान्य समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि UGC के नए प्रावधान समाज के विभिन्न वर्गों के बीच सौहार्द को प्रभावित कर सकते हैं। उन्होंने इन नियमों को संवैधानिक भावना के विपरीत बताया और आशंका जताई कि इनके लागू होने से समाज में असंतुलन और विभाजन की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। संगठन ने अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता सामाजिक समरसता बताते हुए कहा कि किसी भी विभाजनकारी नीति का शांतिपूर्ण विरोध जारी रहेगा।वाहन रैली मिनी सचिवालय (जिला कलेक्ट्रेट) पर समाप्त हुई। यहां प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त जिला कलक्टर विजेश पंड्या को सौंपा। एकजुट रहने की अपील
ज्ञापन में केंद्र सरकार से UGC के नए प्रावधानों की समीक्षा करने और समाजहित को प्राथमिकता देने की मांग की गई है। संगठन ने सभी समाज के सदस्यों से एकजुट रहने और राष्ट्रहित के लिए आवाज़ उठाने की अपील की। इस अभियान का मुख्य संदेश था: ‘एकजुट रहें, समरसता बचाएँ — राष्ट्रहित में आवाज़ उठाएं।’


