सिंगरौली जिले के सरई क्षेत्र में बरका तिराहा पर एक चलती जेसीबी मशीन अचानक आग का गोला बन गई। देखते ही देखते मशीन पूरी तरह जलकर खाक हो गई, हालांकि चालक समय रहते नीचे उतर गया जिससे उसकी जान बच गई। दुधमनिया निवासी राजू पटेल की जेसीबी मशीन काम के लिए जा रही थी, तभी उसमें से धुआं निकलने लगा। ड्राइवर ने तुरंत मशीन रोककर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि उसे काबू करना मुश्किल हो गया। संसाधनों की कमी आई सामने जेसीबी मालिक का कहना है कि सरई क्षेत्र में फायर ब्रिगेड या आग बुझाने के इंतजाम न होने की वजह से नुकसान ज्यादा हुआ। जब तक लोग मदद के लिए कुछ कर पाते, तब तक मशीन पूरी तरह जल चुकी थी। शॉर्ट सर्किट की आशंका शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि आग लगने की वजह बिजली का शॉर्ट सर्किट हो सकती है, क्योंकि मशीन चलते समय ही आग भड़की थी। फिलहाल इस मामले की पुलिस में कोई लिखित शिकायत नहीं की गई है। इस घटना ने इलाके में फायर सेफ्टी की कमी को एक बार फिर उजागर कर दिया है।


