संगीन सुरक्षा में परीक्षा सामग्री का वितरण:हरदा में 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा की तैयारी पूरी, 11 हजार छात्र होंगे शामिल

हरदा। आगामी 10 फरवरी से बारहवीं और 13 फरवरी से दसवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं शुरू होंगी। इन परीक्षाओं के लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल से भेजी गई गोपनीय सामग्री का वितरण शुक्रवार, 6 फरवरी को हरदा जिला मुख्यालय के उत्कृष्ट विद्यालय से परीक्षा केंद्रों के प्रभारियों को किया गया। इस दौरान दसवीं और बारहवीं कक्षा के प्रश्नपत्र तथा उत्तरपुस्तिकाएं जिले के सभी छह थानों पर भेजी गईं। यह सामग्री छह बसों के माध्यम से केंद्र प्रभारियों और संबंधित थाने के जवानों की मौजूदगी में पुलिस थानों तक पहुंचाई गई, जिससे सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। जिला शिक्षा अधिकारी डीएस रघुवंशी ने बताया कि विभाग ने बोर्ड परीक्षाओं को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। उन्होंने जानकारी दी कि 3 फरवरी को जिले में बनाए गए सभी 33 परीक्षा केंद्रों के 33 केंद्र अध्यक्षों और 33 सहायकों को माध्यमिक शिक्षा मंडल के निर्देशों के अनुसार परीक्षा संपन्न कराने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया गया था। इस वर्ष दसवीं कक्षा में कुल 6530 विद्यार्थी परीक्षा देंगे, जिनमें 6065 नियमित और 465 प्राइवेट छात्र शामिल हैं। वहीं, बारहवीं कक्षा में 4067 नियमित और 568 स्वाध्यायी परीक्षार्थी सहित कुल 4635 छात्र परीक्षा में भाग लेंगे। जिले में कुल 11,165 विद्यार्थी इन परीक्षाओं में शामिल होंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *