नाला डिग्री कॉलेज परीक्षा केंद्र बदला, छात्रों का विरोध:फतेहपुर शिफ्ट होने से 561 परीक्षार्थी परेशान, आंदोलन की चेतावनी

जामताड़ा जिले के नाला डिग्री कॉलेज में अध्ययनरत यूजी सेमेस्टर टू के परीक्षार्थियों ने परीक्षा केंद्र को फतेहपुर डिग्री कॉलेज स्थानांतरित किए जाने का कड़ा विरोध किया है। कुल 561 परीक्षार्थी इस बदलाव से प्रभावित हुए हैं। परीक्षार्थियों के अनुसार, वर्षों से नाला डिग्री कॉलेज में ही परीक्षा आयोजित होती रही है। इस बार बिना किसी पूर्व सूचना के केंद्र बदल दिया गया है। 9 फरवरी से परीक्षा शुरू होनी है और एडमिट कार्ड वितरण के दौरान ही छात्रों को इस बदलाव की जानकारी मिली, जिससे वे हैरान हैं। फतेहपुर की दूरी लगभग 70 किलोमीटर छात्रों ने बताया कि नाला प्रखंड के सुदूरवर्ती क्षेत्रों से फतेहपुर की दूरी लगभग 70 किलोमीटर है। दोनों प्रखंडों के बीच सार्वजनिक परिवहन की कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है। ऐसे में गरीब तबके के विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। परीक्षार्थियों ने सिद्धू कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय पर सवाल उठाते हुए कहा कि दुमका स्थित एएन कॉलेज का परीक्षा केंद्र यथावत रखा गया है, तो नाला डिग्री कॉलेज का केंद्र क्यों बदला गया। छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि यह फैसला वापस नहीं लिया गया, तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। प्राचार्य ने किया परीक्षार्थियों की मांग का समर्थन नाला डिग्री कॉलेज के प्राचार्य गुनमय दास ने भी परीक्षार्थियों की मांग का समर्थन किया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2016 से नाला डिग्री कॉलेज में ही परीक्षा केंद्र निर्धारित होता रहा है, जिससे क्षेत्र के गरीब विद्यार्थियों को सुविधा मिलती थी। प्राचार्य ने आशंका व्यक्त की कि परीक्षा केंद्र बदलने से गरीब वर्ग, एससी-एसटी समुदाय और छात्राओं को गंभीर परेशानी होगी, जिससे कई परीक्षार्थी परीक्षा से वंचित भी रह सकते हैं। उन्होंने सिद्धू कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय के कुलपति से परीक्षा केंद्र को नाला डिग्री कॉलेज में ही यथावत रखने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *