लुधियाना के जगराओं में चोरों ने मंडी की मेन चौक स्थित एक दुकान से करीब 5 लाख रुपये की चोरी कर दी। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिस स्थान पर चोरी हुई, वहीं पुलिस का 24 घंटे नाका और सख्त निगरानी रहती है। मंडी चौक स्थित राजा एंड कंपनी की दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। चोर दुकान की पिछली साइड से छत के रास्ते अंदर दाखिल हुए और सीढ़ियों वाले दरवाजे का कुंडा तोड़कर दुकान में घुस गए। इसके बाद उन्होंने लाखों रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया और फरार हो गए। सुबह दुकान खुली तो चोरी का पता चला दुकान मालिक राजा ने बताया कि जब वह रोजाना की तरह सुबह दुकान पहुंचे तो अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। सामान बिखरा देख उसे पहले समझ में नहीं आया कि यह क्या हो गया। जब उसने दुकान में चेक किया तो पता चला कि दुकान में चोरी हो गई। नोटों के बंडल व हार ले गए चोर जांच में सामने आया कि चोर नए नोटों के बंडल, नोटों के हार समेत करीब 5 लाख रुपये लेकर फरार हो गए। पीड़ित के मुताबिक पूरी वारदात छत के रास्ते अंदर घुसकर और सीढ़ियों के जरिए दुकान में उतरकर अंजाम दी गई।
सीसीटीवी लगे हैं पर नहीं थी रिकार्डिंग आसपास के दुकानदारों ने आशंका जताई है कि चोर छत के रास्ते आए थे। छत से दुकान में उतरने के लिए सीढ़ियों पर लगे दरवाजे की दीवार तोड़ी गई और कुंडा खोलकर अंदर प्रवेश किया गया। दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे अपडेट न होने के कारण बंद पड़े थे, जिससे वारदात की कोई फुटेज रिकॉर्ड नहीं हो सकी। DSP ने बुलवाई फिंगरप्रिंट टीम
घटना की सूचना मिलते ही थाना सिटी पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं डीएसपी जसविंदर सिंह ढीढ़सा ने फिंगरप्रिंट टीम को बुलाकर जांच शुरू कर दी है। छत पर मिले पैरों के निशानों की भी जांच की जा रही है।
शहर में डर का माहौल
मंडी चौक जैसी हाई-सिक्योरिटी जगह पर हुई यह चोरी थाना सिटी पुलिस के सुरक्षा दावों पर करारा तमाचा मानी जा रही है। घटना के बाद शहरवासियों में डर और असुरक्षा का माहौल है। लोगों का कहना है कि अपराधी बेखौफ हो चुके हैं और पुलिस की गश्त सिर्फ कागजों तक सीमित रह गई है।


