संभागीय आयुक्त ने सरकारी संस्थानों का किया निरीक्षण:स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाएं जांची; दिए आवश्यक निर्देश

डीग की प्रभारी सचिव एवं भरतपुर संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया ने शुक्रवार को ग्राम पैंगोर स्थित विभिन्न सरकारी संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सार्वजनिक सेवाओं और विकास कार्यों की गुणवत्ता का सघन अवलोकन किया।
निरीक्षण की शुरुआत शहीद मोहन सिंह राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल, पैंगोर से हुई। आयुक्त ने मिड-डे मील रसोई की स्वच्छता, छात्रों की मौजूदगी और मुख्यमंत्री बाल गोपाल योजना के तहत दुग्ध पाउडर के स्टॉक व वितरण प्रणाली की बारीकी से जांच की। उन्होंने स्मार्ट क्लासेज और कंप्यूटर लैब की कार्यक्षमता का भी अवलोकन किया। प्रिंसिपल को स्कूल परिसर में सघन पौधारोपण कर एक व्यवस्थित उद्यान विकसित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, शिक्षण स्तर को प्रभावी बनाने और आगामी सत्र में छात्र नामांकन बढ़ाने पर जोर दिया गया।
इसके बाद संभागीय आयुक्त ने राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पैंगोर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कार्मिक उपस्थिति पंजीका का मिलान किया, जिसमें केंद्र के प्रभारी डॉक्टर ड्यूटी से गैरमौजूद पाए गए। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए, आयुक्त ने संबंधित प्रभारी डॉक्टर को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रतिदिन के मरीजों की संख्या, दवाओं के स्टॉक, उनके सुरक्षित संग्रहण और रखरखाव की स्थिति का भी परीक्षण किया। चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *