घग्घर पाइपलाइन विवाद: करणीसर सहजीपुरा में प्रशासन-ग्रामीण आमने-सामने:कोर्ट के आदेश पर खुदाई शुरू होते ही उपजा तनाव

हनुमानगढ़ के करणीसर सहजीपुरा गांव में घग्घर नदी से सिंचाई के लिए पाइपलाइन जोड़ने को लेकर शुक्रवार को तनाव की स्थिति बन गई। न्यायालय के आदेश की पालना में प्रशासन और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस सुरक्षा में जेसीबी से खुदाई का काम शुरू होते ही ग्रामीणों के एक गुट ने इसका कड़ा विरोध किया, जिसके बाद प्रशासन और ग्रामीण आमने-सामने आ गए। विरोध कर रहे ग्रामीणों ने मौके पर मौजूद डीएसपी मीनाक्षी चौधरी और तहसीलदार हरीश सारण के समक्ष अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं। प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों से संयम बरतने की अपील करते हुए स्पष्ट किया कि पाइपलाइन जोड़ने का कार्य न्यायालय के आदेश के तहत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि किसी पक्ष को आपत्ति है, तो वह सक्षम न्यायालय में अपील कर सकता है, लेकिन मौके पर कानून व्यवस्था बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
गौरतलब है कि घग्घर नदी से सिंचाई के लिए पाइपलाइन दोबारा जोड़ने की मांग को लेकर गांव के कुछ किसान पिछले पांच दिनों से जिला कलेक्ट्रेट के समक्ष बेमियादी धरने पर बैठे हैं। इन किसानों का आरोप है कि पहले से बिछी पाइपलाइन को कुछ लोगों ने तोड़ दिया था, जिससे उनके खेतों तक पानी पहुंचना बंद हो गया है। उनका कहना है कि उच्च न्यायालय के स्पष्ट आदेशों के बावजूद अब तक पाइपलाइन नहीं जोड़ी गई, जिससे फसलों को नुकसान होने की आशंका है। वहीं, दूसरी ओर, पाइपलाइन का विरोध कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि कुछ लोग अपने निजी हित में सरकारी गली के बीच से खेतों तक पाइपलाइन बिछवाना चाहते हैं। इससे आसपास के मकानों को नुकसान हो रहा है और दीवारों में सीलन आ रही है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि पहले भी एक मकान की दीवार गिर चुकी है, जिसकी मरम्मत नहीं करवाई गई। उन्होंने मांग की है कि पाइपलाइन को सरकारी गली की बजाय किसी वैकल्पिक मार्ग से निकाला जाए, ताकि आवासीय क्षेत्र को कोई नुकसान न हो।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *