माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं अगले सप्ताह से शुरू होगी। रतलाम जिले में कुल 58 केंद्रों पर परीक्षा होगी। इनमें 7 परीक्षा केंद्र संवेदनशील है। शुक्रवार को 31 केंद्रों की परीक्षा सामग्री (प्रश्न-पत्रों) का वितरण पुलिस की सुरक्षा में किया गया। परीक्षा केंद्राध्यक्ष सामग्री लेकर अपने केंद्र के संबंधित क्षेत्र के थाने में रखवाई गई। शेष केंद्रों की सामग्री का वितरण शनिवार को होगा। कक्षा 12वीं की परीक्षा 10 फरवरी से व कक्षा 10वीं की परीक्षा 13 फरवरी से शुरू होगी। सागोद रोड स्थित उत्कृष्ट स्कूल को परीक्षा समन्वयक केंद्र बनाया नहै। शुक्रवार सुबह समन्वयक केंद्र से परीक्षा की सामग्री का वितरण किया। पहले दिन आलोट, बाजना, पिपलौदा व जावरा विकासखंड के परीक्षा केंद्रों की सामग्री वितरित की। शनिवार को रतलाम व सैलाना विकासखंड के परीक्षा केंद्रों की सामग्री का वितरण सुबह 10.30 बजे से किया जाएगा। 27 हजार से अधिक परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में जिले के 27 हजार 402 परीक्षार्थी शामिल होंगे। जिनमें कक्षा 10वीं के 15935 व कक्षा 12वीं के 11478 परीक्षार्थी शामिल है। 7 संवेदनशील केंद्रों में रतलाम शहर के 3 तथा जिले के 4 परीक्षा केंद्र शामिल हैं। इन केंद्रों पर प्राइवेट परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसलिए विभाग ने इन केंद्रों को संवेदनशील केंद्रों की श्रेणी में रखा है। इन केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं। परीक्षा के दौरान यहां पुलिस के साथ प्रेक्षक भी तैनात रहेंगे। सीसीटीवी भी लगाए जाएंगे। संवेदनशील केंद्रों पर 4 हजार परीक्षार्थी जिन केंद्रों को संवेदनशील केंद्र बनाया है उनमें 4 हजार से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा शामिल होंगे। इनमें कक्षा 10वीं के 2,339 और 12वीं के 2,138 परीक्षार्थी शामिल हैं। सामग्री वितरण के पहले दिए टिप्स सामग्री वितरण के पहले सभी केंद्राध्यक्षों, सहायक केंद्राध्यक्षों एवं रिजर्व केंद्राध्यक्षों को बोर्ड परीक्षा से संबंधित दिशा-निर्देशों से समन्वयक केंद्र के प्रिंसिपल सुभाष कुमावत ने अवगत कराया गया। अपर कलेक्टर शालिनी श्रीवास्तव एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती अनीता सागर ने परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने, नियमों के सख्त अनुपालन एवं व्यवस्थित एवं निष्पक्ष संचालन के लिए मार्गदर्शन दिया। सामग्री वितरण के दौरान कलेक्टर प्रतिनिधि के रूप में अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, जिला शिक्षा अधिकारी अनीता सागर, समन्वयक संस्था प्राचार्य सुभाष कुमावत तथा मंडल प्रतिनिधि के रूप में परीक्षा टीम सुधीर गुप्ता, माया मौर्या, शरद शर्मा, यशस्वी वर्मा, मनीष शर्मा, सुरेश राठौड़, प्रेमलता व्यास, ऊषा पचोरी आदि उपस्थित रहे।


