कोटा ग्रामीण पुलिस ने एक बड़ी और कार्रवाई करते हुए फायरिंग की संभावित घटना को अंजाम से पहले ही विफल कर दिया। पुलिस थाना मोड़क एवं डीएसटी टीम कोटा ग्रामीण ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को एक अवैध ऑटो पिस्टल और दो जिंदा कारतूस 7.65 एमएम सहित गिरफ्तार किया है। साथ ही घटना में उपयोग लिए जाने वाली बिना नंबर की पल्सर बाइक को भी जप्त किया गया है। कोटा ग्रामीण एसपी सुजित शंकर ने बताया कि आज एनएच-52 पर पड़ाव स्थल ढाबादेह के पास नाकाबंदी के दौरान बिना नंबरी पल्सर बाइक पर सवार दो युवक तेज गति से आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रोकने पर दोनों भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन सतर्कता से घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान सलाम मोहम्मद मंसूरी के पास से एक ऑटो पिस्टल, जिस पर AUTO PISTOL MADE IN U.S.A.लिखा है, और एक जिंदा कारतूस मिला, जबकि दूसरे आरोपी अरशील के पास से एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी सलाम मोहम्मद मंसूरी ने स्वीकार किया कि वह भानपुरा निवासी जहीर से पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग की नीयत से कोटा जा रहा था। आरोपी सलाम मोहम्मद मंसूरी पूर्व में MCOCA एक्ट के तहत मुंबई, महाराष्ट्र में सात वर्ष तक जेल में रह चुका है तथा थाना भानपुरा जिला मंदसौर के प्रकरण में फरार चल रहा था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना मोड़क में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। इस कार्रवाई से कोटा ग्रामीण पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक घटना को समय रहते रोकने में सफलता हासिल की है।


