खरगोन में कोतवाली पुलिस ने शासकीय शराब दुकान के बाहर संचालित 10 से अधिक अवैध अहातों को ध्वस्त कर दिया। शुक्रवार दोपहर डायवर्शन रोड क्षेत्र में एसडीओपी रोहित लखारे और टीआई बीएल मंडलोई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। अभियान लगभग 2 घंटे तक चला। एसडीओपी रोहित लखारे ने बताया कि शराब दुकान के बाहर बिना अनुमति के चोरी-छिपे अहाते चलाए जा रहे थे। इन अहातों के संबंध में लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिनमें विवाद और कानून-व्यवस्था बिगड़ने की बातें सामने आ रही थीं। यह शासकीय शराब दुकान खंडवा-बड़ोदरा हाईवे से सटी हुई है और इसके आसपास शहर का पॉश राधावल्लभ मार्केट क्षेत्र है। शिकायतें थीं कि शराब पीने वाले लोग रात में बाजार क्षेत्र में विवाद करते थे। इसके अलावा, क्षेत्र में अंडे और कन्फेक्शनरी की कई अस्थायी दुकानें भी खुल गई थीं, जिससे विवाद और यातायात बाधित होने की समस्या बढ़ गई थी। कार्रवाई के दौरान अवैध अहातों के बाहर पड़े सामान को आग के हवाले कर दिया गया।


