देवास में मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के लिए सामग्री का वितरण शुरू हो गया है। जिले के कुल 101 परीक्षा केंद्रों पर यह सामग्री कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पहुंचाई जा रही है। उत्कृष्ट विद्यालय से परीक्षा सामग्री को बसों के माध्यम से निर्धारित केंद्रों तक भेजा जा रहा है। उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य सुधीर कुमार सोमानी ने बताया कि पिछले दो दिनों से लगातार यह प्रक्रिया जारी है। सोमानी के अनुसार, आज (शुक्रवार) कन्नौद, खातेगांव और बागली क्षेत्र के 50 परीक्षा केंद्रों पर सामग्री वितरित की गई है। शेष 51 केंद्रों, जिनमें देवास, सोनकच्छ और टोंकखुर्द क्षेत्र शामिल हैं, पर कल (शनिवार) परीक्षा सामग्री का वितरण किया जाएगा। जिला प्रशासन ने फरवरी-मार्च 2026 में होने वाली इन परीक्षाओं को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुचारु रूप से कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं।


