दमोह पुलिस ने स्कूलों में लगवाई ‘हौसला पेटी’:बच्चों की समस्याओं का होगा गोपनीय समाधान

दमोह पुलिस ने बच्चों की समस्याओं के समाधान और उनकी सुरक्षा के लिए एक नई पहल शुरू की है। पुलिस अधीक्षक श्रुत कीर्ति सोमवंशी के निर्देश पर शहर के सभी स्कूलों में ‘हौसला पेटी’ लगवाई जा रही है। शुक्रवार को शहर के सेंट जॉन्स स्कूल में यह पेटी स्थापित की गई, साथ ही हेल्पलाइन नंबर के पोस्टर भी लगाए गए। इस पहल का मुख्य उद्देश्य बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, उनकी समस्याओं का समाधान करना और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना है। इसके तहत, बच्चे अपनी शिकायतें लिखकर इन पेटियों में डाल सकेंगे, जिनका निराकरण पुलिस द्वारा किया जाएगा। नाम रखेंगे गोपनीय सीएसपी एचआर पांडे ने बताया कि इस व्यवस्था के माध्यम से यदि किसी बच्चे को किसी प्रकार की परेशानी, डर, उत्पीड़न या अन्य कोई भी समस्या है, तो वह अपनी शिकायत लिखकर हौसला पेटी में डाल सकता है। शिकायतकर्ता का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा, जिससे बच्चे बिना किसी भय के अपनी बात साझा कर सकें। पांडे ने यह भी बताया कि यह प्रयास बच्चों द्वारा छोटी समस्याओं पर भी आत्मघाती कदम उठाने जैसी घटनाओं को रोकने के लिए किया जा रहा है। प्रतिदिन पुलिसकर्मी सभी स्कूलों में लगी हौसला पेटी को खोलकर उन शिकायतों को संबंधित अधिकारी के पास लेकर जाएंगे। पुलिस विभाग द्वारा समय-समय पर इन पेटियों की जांच की जाएगी और शिकायतों पर तुरंत संज्ञान लेकर आवश्यकतानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस पहल का लक्ष्य बच्चों में सुरक्षा की भावना विकसित करना, उनकी समस्याओं का समय पर समाधान करना तथा विद्यालयों को अधिक सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है। पुलिस अधीक्षक ने सभी स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे इस पहल को सफल बनाने में सहयोग करें और बच्चों को अपनी समस्याएँ निडर होकर साझा करने के लिए प्रेरित करें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *