सीनियर विमेंस वनडे ट्रॉफी 2026 में छत्तीसगढ़ महिला टीम ने जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। गुरुवार को खेले गए मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने राजस्थान को 4 विकेट से मात दी। टॉस जीतकर छत्तीसगढ़ ने पहले गेंदबाजी चुनी। बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान की टीम 50 ओवर में 197 रन पर ऑलआउट हो गई। राजस्थान के लिए एडी गर्ग (47 रन) और एसपी कुमावत (44 रन) ने सबसे ज्यादा रन बनाए। इसके अलावा एसआर जाट (26) और डीआर कंवर (23) ने योगदान दिया। छत्तीसगढ़ की ओर से तरन्नुम पठान ने 2 विकेट झटके, जबकि महेक, अदिति और उर्मिला को 1-1 सफलता मिली। लक्ष्य का पीछा करते हुए छत्तीसगढ़ की टीम लड़खड़ाई 198 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए छत्तीसगढ़ की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने 117 रन पर 6 विकेट गंवा दिए। इसके बाद प्रीति यादव और शिवानी कृष्णा ने पारी संभाली और मैच का रुख पलट दिया। प्रीति-शिवानी की नाबाद साझेदारी से जीत प्रीति यादव (नाबाद 46 रन) और शिवानी कृष्णा (नाबाद 37 रन) ने 7वें विकेट के लिए 83 रन की नाबाद साझेदारी करते हुए टीम को जीत दिलाई। इससे पहले ऐश्वर्या सिंह (48 रन) और महक नरवसे (34 रन) ने अहम पारियां खेलीं। राजस्थान की ओर से एसएस कालाल ने 2 विकेट लिए, लेकिन उनकी गेंदबाजी टीम को जीत नहीं दिला सकी। छत्तीसगढ़ ने 48.5 ओवर में 6 विकेट पर 200 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम किया और टूर्नामेंट में मजबूत शुरुआत दर्ज की।


