राजनांदगांव में बास्केटबॉल लीग शुरू:25 टीमें लेंगी हिस्सा, 8 फरवरी तक चलेगी प्रतियोगिता

राजनांदगांव के रेवाडिह वार्ड में ‘राजनांदगांव बास्केटबॉल लीग’ का शुभारंभ किया गया। सर्वज्ञ राव बास्केटबॉल एकेडमी ने डी.पी.एस. और युगांतर स्कूल के सहयोग से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया है। यह लीग 6 फरवरी से शुरू होकर 8 फरवरी तक चलेगी। प्रतियोगिता का उद्घाटन पूर्व पार्षद मुकेश ध्रुव और भाजपा युवा मोर्चा के जिला मंत्री उज्जवल कसेर की अध्यक्षता में हुआ। इस अवसर पर भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) केंद्र राजनांदगांव के प्रभारी के.सी. त्रिपाठी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। आयोजन समिति के अध्यक्ष दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि लीग में 8, 10, 12 और 16 वर्ष से कम आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं की कुल 25 टीमें हिस्सा ले रही हैं। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव पूरे देश में बास्केटबॉल की नर्सरी के रूप में प्रसिद्ध है। इस लीग का उद्देश्य खेल को जमीनी स्तर पर लोकप्रिय बनाना है, ताकि यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन कर सकें। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उज्जवल कसेर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार खेलों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। राजनांदगांव में अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम और सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक जैसी सुविधाएं इसका प्रमाण हैं। उन्होंने राजेश्वर राव और राधा राव के प्रयासों की सराहना की, जिनके कारण रेवाडिह वार्ड बास्केटबॉल के केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। वार्ड में जल्द ही मिनी स्टेडियम के निर्माण का प्रयास किया जा रहा है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और सांसद संतोष पांडे के माध्यम से खेल सुविधाओं के विस्तार की मांग की गई है। खिलाड़ियों की सुविधा के लिए इंडोर हॉल का प्रस्ताव भी शासन और ‘खेलो इंडिया’ को भेजा जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *