लोहावट पुलिस ने दो आरोपियों को 18.36 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गश्त और नाकाबंदी के दौरान मोरिया सरहद में की गई। पुलिस ने आरोपियों से एक बाइक भी जब्त की है। एसपी कुंदन कंवरिया ने बताया- यह कार्रवाई एडीशनल एसपी ब्रजराज सिंह चारण और सीओ लोहावट नगेंद्र कुमार के सुपरविजन में हुई। थाना प्रभारी हरिसिंह के नेतृत्व में टीम ने मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मांजुओं की ढाणी मोरिया निवासी प्रदीप पुत्र गोरधनराम विश्नोई और पिन्टू पुत्र बागाराम मेघवाल के रूप में हुई है। बरामद स्मैक की बाजार कीमत करीब तीन लाख रुपये आंकी गई है। आरोपियों के खिलाफ लोहावट पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस स्मैक की खरीद-फरोख्त के संबंध में आगे की जांच कर रही है।


