दूल्हे को चाकू मारा, दुल्हन का गला दबाया, दोस्त गंभीर:लव मैरिज के बाद सामाजिक शादी के लिए ओंकारेश्वर बुलाया, साले-ससुर समेत 4 गिरफ्तार

ओंकारेश्वर में लव मैरिज के बाद सामाजिक रीति-रिवाज से शादी करने पहुंचे युवक पर उसके ससुराल पक्ष ने दिनदहाड़े चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में दूल्हे का दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे खंडवा जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं दूल्हा-दुल्हन के साथ भी मारपीट की गई। वारदात ओंकारेश्वर के पुराने बस स्टैंड पर हुई। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो नाबालिग शामिल हैं। मांधाता थाना पुलिस के अनुसार, भट्ट्याण बुजुर्ग निवासी नानकदास पिता लक्ष्मण पंवार (25) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। फरियादी ने बताया कि करीब दो साल पहले उसकी सगाई खरगोन जिले के ग्राम अंदड़ निवासी अरुणा पिता केसरीया से हुई थी, लेकिन लंबे समय से लड़की के पिता शादी नहीं करवा रहे थे। अरुणा अपने पिता के साथ गुजरात के सूरत में रह रही थी। सूरत से इंदौर लाकर किया प्रेम विवाह नानकदास ने बताया कि 4 फरवरी को वह अरुणा को सूरत से इंदौर लेकर आया, जहां आदेश्वर वैदिक संस्कार विवाह सेवा समिति से दोनों ने प्रेम विवाह कर प्रमाण पत्र प्राप्त किया। इसके बाद दोनों परिवारों की सहमति से सामाजिक रीति-रिवाज से फेरे कराने के लिए ओंकारेश्वर पहुंचे थे। दोपहर करीब 12 बजे ओंकारेश्वर के पुराने बस स्टैंड पर ससुर केसरीया, साले अरुण सावले और संदीप सावले सहित काका ससुर व मामा ससुर के दो नाबालिग बेटे पहुंचे। यहां लड़की को भगाकर लाने की बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। गाली-गलौज के बाद संदीप सावले ने धारदार चाकू से नानकदास की गर्दन पर वार करने की कोशिश की और उसके बाएं गाल पर चाकू मार दिया। बीच-बचाव में आए दोस्त राम हिरवे पर भी पीठ में चाकू घोंप दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दुल्हन के साथ भी मारपीट
झगड़ा छुड़ाने आई पत्नी अरुणा के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि सागर सावले ने उसका गला दबाया, जबकि एक नाबालिग ममेरे भाई ने हाथ-मुक्कों से हमला किया। घटना के दौरान ग्रामीणों और परिजनों ने बीच-बचाव किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों का मेडिकल कराया। गंभीर रूप से घायल राम हिरवे को खंडवा जिला अस्पताल रेफर किया गया। चार आरोपी गिरफ्तार
मांधाता थाना प्रभारी अनोक सिंदिया ने बताया कि मारपीट के इस मामले में हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें दो नाबालिग शामिल हैं। मामले की आगे जांच जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *