अनूपपुर जिले की बिजुरी पुलिस ने एसईसीएल (SECCL) स्टोर से कॉपर केबल चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 20 हजार रुपए कीमत की 14 मीटर केबल बरामद की है। यह चोरी 31 जनवरी और 1 फरवरी की रात को हसदेव क्षेत्र के रिजनल स्टोर में हुई थी। चोरों ने गोडाउन नंबर 5 की खिड़की की जाली काटकर अंदर रखे लकड़ी के बंडलों से कीमती कॉपर केबल निकाल ली थी। स्टोर के सुरक्षा गार्ड पवन कुमार जायसवाल ने 5 फरवरी को इसकी रिपोर्ट लिखवाई थी। एक आरोपी पकड़ा गया, साथी फरार पुलिस ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़ निवासी 18 वर्षीय अरमान खटीक को धर दबोचा। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना कबूल किया है। अरमान के बाकी साथी अभी फरार हैं, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। कोर्ट में पेशी पकड़े गए आरोपी को पुलिस ने कोतमा कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। थाना प्रभारी विकास सिंह ने बताया कि कुल 80 हजार रुपए की केबल चोरी हुई थी, जिसमें से अभी एक हिस्सा बरामद हुआ है। बाकी आरोपियों के पकड़े जाने पर शेष माल भी मिल सकता है।


