सांसद बृजमोहन अग्रवाल की डिनर पॉलिटिक्स:आवास पर केंद्रीय मंत्रियों के साथ बैठक, केंद्र सरकार की योजनाओं पर मंथन

रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल की डिनर पॉलिटिक्स एक बार फिर चर्चा में रही। गुरुवार 5 फरवरी को नई दिल्ली स्थित उनके आवास पर केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा के वरिष्ठ सांसदों से मुलाकात की। इस मुलाकात में केंद्र सरकार की योजनाओं, आगामी बजट सत्र और संसद में उठाए जाने वाले प्रमुख मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में केंद्रीय युवा एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान शामिल हुए। साथ ही संसद की शिक्षा, महिला, बाल, युवा और खेल संबंधी स्थायी समिति के भाजपा सदस्यों वरिष्ठ सांसद रवि शंकर प्रसाद, डी. पुरंदेश्वरी से मुलाकात की।
सांसद निवास में बांसुरी स्वराज, दर्शन चौधरी, घनश्याम तिवारी, शोभनाबेन महेंद्रसिंह बरैया, डॉ. हेमांग जोशी, अभिजीत गंगोपाध्याय, राज्यसभा सांसद डॉ. भीम सिंह, डॉ. सिकंदर कुमार, सी. सदानंदन मास्टर सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
बैठक में शिक्षा, खेल, महिला एवं बाल विकास से जुड़े विषयों पर गहन विचार-विमर्श हुआ। सांसदों और केंद्रीय मंत्रियों ने बजट सत्र के दौरान समावेशी विकास, क्षेत्रीय संतुलन और लोक कल्याण से जुड़े मुद्दों को संसद में प्राथमिकता देने पर सहमति जताई।
इसके साथ ही केंद्र सरकार की सामाजिक और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सुझाव भी साझा किए गए। रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि इस तरह की बैठकों से न केवल राजनीतिक संवाद मजबूत होता है, बल्कि सतत विकास और नागरिक कल्याण के प्रयासों को भी नई दिशा मिलती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *