कोटा ग्रामीण पुलिस ने 52-किलो डोडा चूरा पकड़ा:कार में भरकर ले जा रहे थे, 3 तस्कर गिरफ्तार

कोटा ग्रामीण जिले के पुलिस थाना बपावर कलां ने अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस मुख्यालय राजस्थान जयपुर द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन रूट क्लियरेंस के तहत यह प्रभावी कार्रवाई की गई। पुलिस ने करीब 7 लाख 83 हजार रुपये की अंतरराष्ट्रीय कीमत के 52 किलो 200 ग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडा चूरा को जब्त करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है, साथ ही तस्करी में प्रयुक्त एक कार को भी जब्त किया गया है। कोटा ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने बताया कि आज एडिशनल एसपी रामकल्याण मीना, डीएसपी नरेन्द्र जैन के सुपरविजन में थानाधिकारी मदनलाल ढाका प्रो. आरपीएस के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम द्वारा बारां–झालावाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर खानपुर तिराहा पर नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन से भारी मात्रा में अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से महेंद्र, सुरेन्द्र भाकल एवं बलवीर को गिरफ्तार किया, जो नागौर जिले के निवासी हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में गहन अनुसंधान किया जा रहा है। इस कार्रवाई में पुलिस टीम के जवानों की विशेष भूमिका रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *