जयपुर में मंगलवार को फिल्म ‘दिल्ली का ठग’ का मुहूर्त समारोह संपन्न हुआ। मुंबई से आए निर्देशक एसपी निम्बावत और केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम ने क्लैप देकर फिल्म का शुभारंभ किया। निर्देशक एसपी निम्बावत ने मीडिया से बातचीत में बताया कि फिल्म भ्रष्टाचार पर आधारित है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में हाल ही में हुए बड़े घोटालों से प्रेरित होकर इस फिल्म की कहानी तैयार की गई है। फिल्म की पूरी कास्टिंग मुंबई से की जाएगी और शूटिंग दिल्ली में होगी, जिसमें कई बड़े बॉलीवुड स्टार्स नजर आएंगे। फिल्म की कहानी ईमानदारी का दिखावा करते-करते बेईमान बन जाने वाले लोगों पर आधारित है। यह फिल्म आधुनिक रंगमंच शैली में बनाई जाएगी। फिल्म की स्क्रिप्ट का काम लगभग पूरा हो चुका है। म्यूजिक डायरेक्टर प्रवीण भारद्वाज, एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर दीपक अबोटी और डीओपी बलजीत गोस्वामी हैं। प्रोडक्शन का काम बी सी खींची संभालेंगे। मुहूर्त समारोह में प्यारेलाल, छोटू लाल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि भ्रष्टाचार पर अब तक की सबसे बड़ी फिल्म ‘आंखें’ थी, जो शेयर मार्केट घोटाले के आरोपी हर्षद मेहता की कहानी पर आधारित थी, जिसमें गोविंदा और चंकी पांडे मुख्य भूमिकाओं में थे।


