दुबई फैशन वीक में चमके जयपुर के लोकेश शर्मा:फैशन डायरेक्शन से जीता दिल, सेलिब्रिटी फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा ने शोकेस किया वर्ल्ड कलेक्शन

पिछले 5 सालों से विश्व विख्यात दुबई फैशन वीक में फैशन डायरेक्शन कर रहे गुलाबी नगर जयपुर के इंटरनेशनल फैशन कोरियोग्राफर लोकेश शर्मा ने इस बार भी भारत का नाम रोशन कर फैशनप्रेमियों का दिल जीत लिया है। उन्होंने इस शो में न केवल नाओमी कैंपबेल सरीखी हॉलीवुड सेलिब्रिटी को रैंप पर कैटवॉक करवाई बल्कि दुबई फैशन वीक के ग्रांड फिनाले शो में सेलिब्रिटी फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा के वर्ल्ड कलेक्शन को भी कोरियोग्राफ किया है। उल्लेखनीय है कि इस फिनाले शो में ब्राजील की सुपर मॉडल एड्रियाना लीमा शो स्टॉपर रही वहीं रशिया की सुपर मॉडल वेलेरी कुफ्मान ने भी फैशन की रंगत बिखेरी। फैशन कोरियोग्राफर लोकेश शर्मा का कहना है कि पिछले कई सालों से उन्होंने दुबई फैशन वीक के अलावा लंदन फैशन वीक, मिलान फैशन वीक, पेरिस फैशन वीक सहित अनेकों इंटरनेशनल फैशन शोज की कोरियोग्राफी की है लेकिन दुबई फैशन वीक का इस बार का एडिशन उनके लिए बहुत खास रहा है। इसमें तारा बेबीलोन, मरीना रिनाल्डी, लामा जाऊनी, लेस बैंजामिन, सई जमीन, माइकल सिंको सरीखे विश्व के नामचीन फैशन डिजाइनर्स ने शिरकत की।
वहीं भारत से सेलिब्रिटी फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा ने “कॉन्सेप्ट्स, क्राफ्ट क्रिएशन” थीम पर अपने वर्ल्ड कलेक्शन को रैम्प पर शोकेस कर फिनाले शो में खूबसूरत परिधानों पर भारत की कलात्मकता का अनूठा नजारा पेश किया। उनके इस राउंड में विश्व के अनेक देशों की 65 मॉडल्स ने लोकेश शर्मा के डायरेक्शन में रैम्प पर कैटवॉक की और मनीष मल्होत्रा के कलेक्शन को दुनिया के सामने बखूबी पेश किया। ब्राजील की सुपर मॉडल एड्रियाना लीमा और रशियन सुपर मॉडल वैलेरी कुफ़्मान इस फैशन सीक्वेंस का मुख्य आकर्षण रहीं। इस फिनाले शो में करण जौहर, उर्मिला मातोंडकर, संजय दत्त, मलाइका अरोड़ा, विजय वर्मा सरीखी कई बॉलीवुड हस्तियां भी बतौर दर्शक शामिल हुई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *