लुधियाना| गांव ताजपुर स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु रविदास जी में शिरोमणि भगत गुरु रविदास महाराज जी के 648वें प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में भाई घन्नैया जी मिशन सेवा सोसायटी द्वारा 783वां रक्तदान कैंप आयोजित किया गया। मुख्य सेवादार जत्थेदार तरनजीत सिंह निमाणा के नेतृत्व में हुए इस कैंप में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी व शहरवासियों का सहयोग रहा। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, अमृतसर साहिब के सदस्य जत्थेदार जगजीत सिंह तलवंडी ने शिविर का उद्घाटन करते हुए गुरु रविदास जी के समाज सुधारक योगदान को याद किया। इस अवसर पर 50 यूनिट रक्त एकत्र किया गया, जिसे जरूरतमंद मरीजों को निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। भाई घन्नैया जी सोसायटी के रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। हरप्रीत सिंह हैप्पी ने बताया कि रक्तदान शिविर गुरु नानक अस्पताल टीम के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। सरपंच बलजीत सिंह, अमरजीत सिंह अध्यक्ष गुरुद्वारा साहिब, बलदेव सिंह संधू, ग्राम पंचायत के सदस्य, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, शहरवासी व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।


