आध्यात्मिकता और आत्मचिंतन के अभ्यास से भी पाई जा सकती है मानसिक शांति

भास्कर न्यूज| लुधियाना। आजकल कई लोग बाहरी सुख-संसाधनों से संपन्न होने के बावजूद आंतरिक संतोष और खुशी महसूस नहीं कर पा रहे। उनके पास पर्याप्त पैसे, घर, परिवार और करियर में सफलता जैसी चीजें हैं, लेकिन फिर भी उन्हें लगता है कि कुछ कमी है। यह स्थिति तनाव और मानसिक असंतोष की ओर इशारा करती है। खुशी की तलाश अकसर बाहर की दुनिया में की जाती है, लेकिन अंदरूनी संतोष तब आता है जब हम अपने आप को समझ पाते हैं। जब हम बाहरी चीजों को ही खुशी का कारण मानते हैं, तो हम इस बात से अनजान रहते हैं कि असल खुशी अंदर से आती है। सब कुछ होते हुए भी खुश न होना मानसिक असंतोष और अव्यवस्थित विचारों का परिणाम हो सकता है। इसका मुख्य कारण अक्सर मन की इच्छाएं और अपेक्षाएं होती हैं जो कभी पूरी नहीं हो पातीं। शहर के मनोचिकित्सकों और लाइफ कोच का कहना है कि यह मानसिक असंतोष तब उत्पन्न होता है जब बाहरी सफलता आंतरिक आत्मसंतोष से मेल नहीं खाती। इस प्रकार की स्थिति को ठीक करने के लिए मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य पर काम किया जाता है। तनाव और असंतोष से बाहर आने के लिए सबसे पहले यह जरूरी है कि भीतर की आवाज को सुनें। खुद को जानने और समझने से ही असल खुशी की ओर बढ़ा जा सकता है। आध्यात्मिकता और आत्मचिंतन के अभ्यास से भी मानसिक शांति पाई जा सकती है। इसमें ध्यान, योग और प्रैक्टिकल माइंडफुलनेस मददगार है, जो व्यक्ति को वर्तमान क्षण में जीने की प्रेरणा देते हैं। इससे न सिर्फ तनाव में कमी आती है, बल्कि आत्म-स्वीकृति और संतुष्टि भी महसूस होती है। केस 1 : करियर में सफलता के बावजूद मानसिक तनाव : बीआरएस नगर का एक फैशन इंफ्लुएंसर जीवन में सफलता की ऊंचाई तक पहुंच चुका है और अपने काम में लगातार व्यस्त रहता है। वह हमेशा अगले लक्ष्य की ओर दौड़ता रहता है, लेकिन फिर भी उसे लगता है कि उसकी मेहनत का कोई मूल्य नहीं है। सामाजिक स्थिति शानदार है, लेकिन मानसिक तनाव और अनावश्यक चिंता में कोई कमी नहीं आती। सफलता के बावजूद अंदर से खाली महसूस कर रहा था, क्योंकि वह कभी खुद से नहीं पूछता कि क्या वह सच में संतुष्ट है या सिर्फ बाहरी दबाव के कारण दौड़ रहा है। इसके समाधान के लिए मानसिक संतुलन, आत्मचिंतन और अपने उद्देश्य पर पुनः विचार करने की राय दी गई। केस 2 : व्यक्तिगत जीवन में संतुष्टि की कमी : सराभा नगर की एक वर्किंग वुमन, जो परिवार और दोस्तों के साथ बहुत अच्छे रिश्ते में है, फिर भी आत्म-संतुष्टि की कमी महसूस करती है। वह हमेशा यह सोचती रहती है कि कुछ और चाहिए और फिर उसे लगता है कि उसका जीवन अधूरा है। यह समस्या अक्सर असंवेदनशील अपेक्षाओं और दूसरों की अपेक्षाओं को पूरा करने के दबाव में उत्पन्न होती है। इसके लिए जरूरी है कि व्यक्तिगत सीमाओं और इच्छाओं को पहचानना होगा, साथ ही यह समझना होगा कि संतुष्टि बाहरी परिस्थितियों से नहीं, बल्कि आंतरिक दृष्टिकोण से आती है। इस केस में ध्यान, योग, और आत्मस्वीकृति की प्रक्रिया मददगार साबित हुई। केस 3 : वित्तीय सुरक्षा के बावजूद मानसिक असंतोष : सुंदर नगर का बिजनेसमैन आर्थिक रूप से सुरक्षित है, उसके पास घर, कार और अच्छी नौकरी है, लेकिन फिर भी वह मानसिक शांति महसूस नहीं करता था। उसकी आत्ममूल्यता का आधार उसकी संपत्ति और बाहरी सफलता बन चुका था, लेकिन वह अंदर से संतुष्ट नहीं था। यह स्थिति उस मानसिकता का परिणाम है जहां कोई व्यक्ति अपनी खुशी को बाहरी वस्तुओं से जोड़ता है। इस मानसिकता को बदलने के लिए उसको अपने भीतर की सच्ची खुशी की खोज करने की सलाह दी गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *