भास्कर न्यूज | बेमेतरा जिले में मतदान पूरा होने के बाद पोलिंग पार्टी ने ईवीएम को सील कर स्ट्रांग रूम में जमा कर दिया है। बेमेतरा शहर में बनाए गए 36 बूथों के सभी ईवीएम को देर रात तक बेमेतरा मंडी परिसर में बने स्ट्रांग रूम में जमा किया गया। इसके बाद इस रूम को सील कर दिया गया है। जिले की सभी 9 नगर पंचायतों में भी ईवीएम के लिए स्ट्रांग रूम स्थानीय स्कूल को बनाया गया है। अब 15 फरवरी को ईवीएम में कैद वोटों की गिनती सुबह 9 बजे से शुरू की जाएगी। निर्वाचन विभाग से मिली जानकारी अनुसार ईवीएम ऑन करने के बाद मतगणना के लिए रिजल्ट एक का बटन दबाते ही मशीन के स्क्रीन पर रिजल्ट मिल जाएगा। पहले अध्यक्ष के वोटों की गणना की जाएगी, फिर दूसरे क्रम पर पार्षद के वोटों की गणना की जाएगी। मौके पर ही एक-एक वार्ड के हार जीत का परिणाम प्रत्याशियों को दिखाई देने लगेगा। मतगणना के िलए टीम को आज दिया जाएगा प्रशिक्षण मतगणना के लिए निर्वाचन शाखा ने महिलाओं की टीम तैयार की है। पूरे जिले के सभी नगर पंचायतों में महिला अधिकारी मतगणना कराएंगी। 12 फरवरी को जिला पंचायत बेमेतरा के सभा कक्ष में इन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा। बेमेतरा नगर पालिका के लिए 21 वार्ड के लिए मतगणना के लिए 21 टेबल लगाए जाएंगे, जिसमें गणना पर्यवेक्षक, सहायक गणना अधिकारी टेबल पर उपस्थित रहेंगे। नगर पंचायत में भी 15-15 वार्ड के हिसाब से मतगणना के लिए 15-15 टेबल लगाए जाएंगे।


