भास्कर न्यूज | सरायकेला सरायकेला-खरसावां मार्ग पर विरामचंद्रपुर गांव के समीप एक स्कॉर्पियो ने घर के बाहर टहल रहे राजाराम पाड़ेया (22) और दिउगी तियू (60) को ठोकर मार दी। घटना के बाद गुस्से में आकर ग्रामीणों ने स्कॉर्पियो को अपने कब्जे में लेकर चालक बहादुर महतो (58) की जमकर पिटाई कर दी और स्कॉर्पियो में बैठे लोगों को बंधक बना लिया। घटना की सूचना िमलते ही मौके पर पहुंची सरायकेला थाना की पुलिस ने घायल दोनों ग्रामीण व चालक को सदर अस्पताल भिजवाया और ग्रामीणों को समझा बुझाकर बंधक बने सभी लोगों को छुड़वाया। ग्रामीणों की मारपीट से घायल स्कॉर्पियो चालक को प्राथमिक उपचार के बाद एमजीएम रेफर कर दिया गया। वहीं, बाकी के घायल दोनों ग्रामीणों का उपचार सदर अस्पताल में चल रहा है।घटना सोमवार की रात करीब नौ बजे की है। घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो चालक बहादुर महतो खरसावां के देहरुडीह का रहने वाला है। सोमवार की देर रात वह सरायकेला से खरसावां जा रहा था। उसमें कुछ लोग भी सवार थे। विराम चंद्रपुर गांव के ग्रामीण राजाराम पाड़ेया और दिउगी तियू अपने घर के बाहर टहल रहे थे। स्कॉर्पियो ने उक्त दोनों ग्रामीणों को टक्कर मार दी। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने स्कॉर्पियो को रोक लिया और चालक की पिटाई कर दी। वहीं, गाड़ी के अंदर बैठे लोगों को बंधक बना लिया। बाद में पुलिस द्वारा उन्हें मुक्त कराया गया। सरायकेला में स्कॉर्पियो की टक्कर से घायल। ग्रामीणों की पिटाई से घायल चालक।


