भास्कर न्यूज | लातेहार जिले के बेतला में आने जाने के रास्ते को गांव के दो युवकों ने बंद कर दिया है। इससे ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। इस समस्या को लेकर ग्रामीण मंगलवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी उत्कर्ष गुप्ता के कार्यालय कक्ष में आयोजित साप्ताहिक जन शिकायत निवारण कार्यक्रम में पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के मासूम अंसारी व फजेल ने आने जाने के रास्ते को बंद कर दिया है। जिस रास्ते को बंद किया गया है वह जमीन बिहार सरकार में गैरमजरुआ जमीन है। जिसका खाता 194 व प्लॉट 556 है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि इस मामले पर कार्रवाई के लिए बरवाडीह अंचलाधिकारी को भी आवेदन दिया गया था, लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। उपायुक्त ने मामले में तत्काल गंभीरता दिखाते हुए संबंधित एसडीओ व अंचलाधिकारी को मामले की जांच कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए। वहीं मनिका प्रखंड से वृद्धा पेंशन को लेकर आए वृद्ध कईल मियां ने 4 महीने से पेंशन नहीं मिलने की शिकायत की। कहा कि यही मेरे जीवन जीने का सहारा है। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को आवेदन अग्रसारित करते जल्द से जल्द मामले को निष्पादित करने का निर्देश दिया। इस दौरान भूमि विवाद, भूमि अतिक्रमण मुक्त कराने, रोजगार, पेंशन समेत अन्य मामले से जुड़े दस आवेदन आए। कुछ आवेदकों की समस्याओं का निष्पादन आन स्पॉट किया गया। शेष आवेदकों के समस्याओं के निष्पादन के लिए संबंधित पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश दिया गया। ज्ञात हो कि उपायुक्त के निर्देश पर आमजनों की समस्याओं के समाधान और शिकायत के निष्पादन हेतु जिला, अनुमंडल व प्रखंड स्तर के सभी पदाधिकारियों के कार्यालय में प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को जन शिकायत निवारण कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है।


