भास्कर न्यूज | कलंगपुर बच्चों में वैज्ञानिक सोच, तर्कशक्ति एवं विज्ञान की अवधारणाओं के विकास के उद्देश्य से शुक्रवार को संकुल केंद्र बेलौदी में संकुल स्तरीय क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में शाला स्तर पर चयनित संकुल की चार माध्यमिक शालाओं के प्रतिभागी विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान विज्ञान की अभिरुचि पर आधारित प्रश्न पूछे गए, जिसमें शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला चिचबोड़ की छात्रा आयुषी ठाकुर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया और अपने विद्यालय का नाम रोशन किया। इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य रेणुका साहू ने बच्चों को तर्कशक्ति के विकास और सृजनात्मकता के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। क्विज प्रतियोगिता का संचालन शैक्षिक संकुल समन्वयक संजय जोशी ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि छोटे-छोटे मंच ही आत्मविश्वास और हौसले को मजबूत करते हैं। प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में एनके साहू उपस्थित रहे। आयुषी आगामी सोमवार को शिक्षक द्रोण कुमार सार्वा के निर्देशन में विकासखंड स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में संकुल केंद्र बेलौदी का प्रतिनिधित्व करेंगी। इस उपलब्धि पर संस्था के प्रधान पाठक संदीप जोशी, शिक्षक मुकेश साहू, मधु नेताम, कैलाश साहू, देवेंद्र साहू, बगेश्वरी साहू, पूजा साहू, सफाईकर्मी लवकुश एवं भीषम ने इसकी सराहना की है।


