भास्कर न्यूज | राजिम राजिम कुंभ कल्प मेले के दौरान आम लोगों की आवाजाही को लेकर उठ रही लगातार आपत्तियों के बीच आखिरकार प्रशासन ने राहत भरा कदम उठाया है। मेला क्षेत्र के चारों ओर लकड़ी और बांस से की गई बैरिकेडिंग, जिससे प्रमुख रास्ते पूरी तरह अवरुद्ध हो गए थे, उसे हटाया गया। गौरतलब है कि इस अव्यवस्था को लेकर बार-बार प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया जा रहा था। भारी बैरिकेडिंग के कारण श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और आपातकालीन सेवाओं को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिन स्थानों पर लकड़ी और बांस के मजबूत बांध लगाकर रास्ते बंद कर दिए गए थे, वहां से अब अवरोध हटाए जा रहे हैं और रास्तों को सुगम बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इससे मेला क्षेत्र में लोगों की आवाजाही पहले की तुलना में सहज होती नजर आई। लेकिन इवेंट कंपनी की मनमानी अभी जारी है नदी क्षेत्र से मेरा मैदान की ओर आने वाले रास्ते को शुक्रवार की दोपहर से बंद कर दिया जिससे लोगों को और अधिक परेशानी हुई। क्योंकि यहां से 1 किलोमीटर वापस फिर जाकर 2 किलोमीटर घूमते हुए फिर से नए मेला स्थान में पहुंचना पड़ा। कई लोग यहीं से वापस हो गए। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बैरिकेडिंग के कारण मेला क्षेत्र भुलभुलैया में तब्दील हो गया था। लोग कार्यक्रम स्थल, मीना बाजार तक पहुंचने में भटक रहे थे। अब अवरोध हटने से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि भीड़ प्रबंधन भी बेहतर ढंग से हो सकेगा। अब उम्मीद की जा रही है कि शेष मेला अवधि में प्रशासन स्थायी समाधान, स्पष्ट संकेतक और संतुलित सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान देगा।


