भास्कर न्यूज | बेमेतरा आगामी नेशनल लोक अदालत 14 मार्च को होगा। जिसके आयोजन एवं अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण को लेकर प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सरोज नंद दास की अध्यक्षता में न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। अध्यक्ष द्वारा पुलिस विभाग को प्री-सीटिंग नोटिस की तामिली पर विशेष ध्यान देने तथा राजस्व न्यायालयों में लंबित राजीनामा योग्य मामलों के अधिकतम निराकरण करने की बात कही। नेशनल लोक अदालत में चेक बाउंस, मोटरयान अधिनियम से जुड़े प्रकरण, मोटर दुर्घटना दावा, बीमा, निष्पादन, भरण-पोषण, परिवार न्यायालय, सिविल वाद, विद्युत, जलकर, संपत्ति कर, टेलीफोन, बैंक रिकवरी एवं राजस्व प्रकरणों के निराकरण पर जोर रहेगा। बैठक में पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मोहित सिंह, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनिता कोशिमा रावटे, एएसपी हरीश यादव एवं एसडीएम प्रकाश कुमार भारद्वाज मौजूद रहे।


