भास्कर न्यूज |देवकर विकासखंड साजा अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला डीहपारा बासीन में 6 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम परीक्षा पे चर्चा का सीधा प्रसारण दिखाया गया। कार्यक्रम का यह 9वां संस्करण सुबह 10 बजे से बच्चों को दिखाया गया, जिसे विद्यार्थियों ने उत्साह और एकाग्रता के साथ देखा व सुना। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छात्रों को परीक्षा की बेहतर तैयारी, तनाव से बचाव, समय प्रबंधन और स्वयं को मानसिक व शारीरिक रूप से तरोताजा बनाए रखने के महत्वपूर्ण टिप्स दिए। उन्होंने बच्चों को सकारात्मक सोच अपनाने, डर को आत्मविश्वास में बदलने और पढ़ाई को बोझ न मानकर सीखने की प्रक्रिया के रूप में लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चे पूरी तन्मयता से प्रधानमंत्री के संवाद को सुनते नजर आए। प्रधान पाठक गोपी चरण साहू ने परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम की जानकारी दी। बताया कि यह शिक्षा मंत्रालय की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से प्रधानमंत्री सीधे छात्रों से संवाद करते हैं। कार्यक्रम में परीक्षा तनाव, तैयारी की रणनीति और शिक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाती है। पहले यह आयोजन दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में होता था, लेकिन अब इसे देशव्यापी और डिजिटल स्वरूप दे दिया गया है। कार्यक्रम में बच्चों के साथ शिक्षिकाएं सीमा रानी देवांगन, जमुना ठाकुर, तिरीथ बाई, पुन्नी लाल गोंड सहित 30 लोगों की सहभागिता रही।


