ई-सिगरेट ऑनलाइन मंगवा डेलीनीड्स में चार गुना रेट में खपा रहा था, संचालक पर कार्रवाई

प्रतिबंध के बाद भी शहर में ई-सिगरेट बिक रही है। दुकानदार ऑनलाइन इसकी खरीदारी कर शहर में इसे तीन से चार गुना ज्यादा रेट पर ग्राहकों में खपा रहे हैं। इस बीच शहर के पुलिस लाइन रोड स्थित डेलीनीड्स दुकान से भी पुलिस ने 24 पीस ई-सिगरेट और इससे संबंधित सामान जब्त किया है। टीआई शशिकांत सिन्हा ने बताया कि दुकानदार सुशील कुमार केशरी ने अमेजन से इसे मंगाकर अपनी दुकान में बेचने के लिए रखा था। सिगरेट जब्त कर दुकानदार के खिलाफ ई-सिगरेट प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। बता दें कि गुरुवार को अस्पताल रोड स्थित एक मोबाइल दुकान से भारी मात्रा में ई-सिगरेट जब्त हुआ था। इसके बाद देर रात पुलिस ने दूसरी दुकान में कार्रवाई की। चिंता की बात ये है कि ई-सिगरेट के ग्राहकों में ज्यादातर स्कूल कॉलेज के छात्र-छात्राएं हैं। दुकानदार एक ई-सिगरेट 200 में मंगाते और ग्राहकों को 800 से 900 रुपए में बेचते हैं। पुलिस को शहर में और जगह ई- सिगरेट बेचने की जानकारी मिली है। रोज औसत 5 पीस की बिक्री: पुलिस ने बताया कि स्कूल रोड स्थित दुकान से हर दिन औसत चार से पांच पीस ई-सिगरेट की बिक्री होती थी। चूंकि डेलीनीड्स दुकान होने से बाहर से किसी व्यक्ति को भी ये पता नहीं चलता था कि बच्चे यहां ई-सिगरेट लेने आए हैं, क्योंकि यहां खाने के सामान भी बेचा जाता है। छात्रों से ही मिला था सुराग ई-सिगरेट के बारे में पुलिस को स्कूली छात्र-छात्राओं के माध्यम से ही सुराग मिला। गुरुवार को गांधीनगर क्षेत्र के एक निजी स्कूल में पुलिस नशा मुक्ति जागरूकता के तहत कार्यक्रम कर रही थी। इसी दौरान ये बात सामने आई नशे के लिए छात्र ई-सिगरेट ले रहे हैं। जिस स्कूल में कार्यक्रम हो रहा था, उसी में आधे दर्जन के बच्चों का नाम सामने आया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *