भास्कर न्यूज | नोवामुंडी उद्यान विभाग के तत्वावधान में एफपीओ कार्यालय रेंगाड़बेडा में आयोजित 5 दिवसीय कृषि प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन किसानों को खेती से जुड़ी महत्वपूर्ण तकनीकी जानकारियाँ दी गईं। प्रशिक्षण के दौरान मिट्टी की तैयारी, मिट्टी में आवश्यक पोषक तत्वों की भूमिका तथा विभिन्न फसलों में खाद की उचित मात्रा और सही विधि से प्रयोग करने के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। प्रशिक्षण सत्र में मुख्य प्रशिक्षक के रूप में उपस्थित रामचरित यादव ने किसानों को बताया कि अच्छी पैदावार के लिए मिट्टी की जांच, संतुलित पोषण और समय पर खाद का प्रयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सरल भाषा में किसानों को यह भी समझाया कि किस फसल के लिए कौन-सी खाद और कितनी मात्रा उपयुक्त रहती है, जिससे उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ मिट्टी की उर्वरता भी बनी रहती है। इस पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में किसानों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने में जेटेया एफपीओ के सीईओ श्री हरिलाल बोबोंगा की अहम भूमिका रही। इसके साथ ही टीआरआई संस्था के सभी फील्ड स्टाफ, उद्यान मित्र मंगल सिंह लागूरी तथा सपोर्ट संस्था के समस्त स्टाफ ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान दिया।


