ड्रॉपआउट बच्चों को स्कूल से जोड़ा जाएगा, नए का होगा नामांकन

भास्कर न्यूज|डुमरी डुमरी प्रखंड मुख्यालय में नीति आयोग के आकांक्षी जिला आकांक्षी प्रखंड स्थित सभागार में शुक्रवार को संपूर्णता अभियान 2.0 का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी उमेश कुमार स्वांसी ने की। इस अवसर पर उन्होंने अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, पेयजल, स्वच्छता सहित कुल 39 विकास सूचकों पर विस्तार से जानकारी दी। बीडीओ उमेश कुमार स्वांसी ने कहा कि संपूर्णता अभियान 2.0 का मुख्य उद्देश्य पंचायत स्तर पर सभी विकास योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू कर अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने सभी विभागों के पदाधिकारियों और कर्मियों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने का निर्देश दिया। शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर जोर देते हुए उन्होंने विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन, बच्चों की नियमित उपस्थिति, ड्रॉपआउट रोकने, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, छात्रवृत्ति योजना, मध्यान्ह भोजन तथा विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की बात कही। पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में कुपोषण उन्मूलन, आंगनबाड़ी केंद्रों की सक्रियता, गर्भवती एवं धात्री माताओं तथा बच्चों को पोषण आहार उपलब्ध कराने पर बल दिया गया। साथ ही नियमित टीकाकरण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, संस्थागत प्रसव, आयुष्मान भारत योजना और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त करने पर चर्चा की गई। पेयजल एवं स्वच्छता के अंतर्गत हर घर जल योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने, ओडीएफ स्थिति बनाए रखने तथा ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन पर जोर दिया गया। अंत में बीडीओ ने सभी अधिकारियों से अभियान के लक्ष्यों को समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने की अपील की। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कर्मी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *