भास्कर न्यूज | गुमला सीडीएसी द्वारा डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में विभिन्न गतिविधियां की गईं। फार्मेसी उपयोगकर्ताओं का प्रशिक्षण पूर्ण किया गया तथा ई-प्रिस्क्रिप्शन मॉड्यूल के गो-लाइव को लेकर चर्चा हुई, जिसके तहत डेंटल और नेत्र विभाग के डॉक्टरों के लिए शीघ्र प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। लैब इंचार्ज के साथ एलआईएस मॉड्यूल पर बैठक की गई और सभी सक्रिय मॉड्यूल में सही डाटा एंट्री की निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। डेटा लिंकेज को सुदृढ़ करने हेतु एडमिशन, डिस्चार्ज व डिस्चार्ज समरी की प्रक्रिया को ठीक से करने के निर्देश दिए गए, वहीं लैब एवं फार्मेसी में अतिरिक्त हार्डवेयर की आवश्यकता भी चिह्नित की गई। निजी स्वास्थ्य संस्थान सेंट जोसेफ अस्पताल, गुमला का दौरा कर ओपीडी क्षेत्र में शीघ्र एबीएचए काउंटर शुरू करने, एबीडीएम-अनुपालन एच एम आई एस अपनाने तथा आईइसी सामग्री प्रदर्शित करने पर सहमति बनी। सीएचसी रैदिह में मास्टर डेटा, लैब और फार्मेसी से संबंधित चर्चा के बाद यह निर्णय लिया गया कि आवश्यक विवरण प्राप्त होते ही सीएचसी को 10 दिनों के भीतर एबीडीएम-अनुपालन बनाया जाएगा। साथ ही टीम ने गुमला के सिविल सर्जन डॉ. शंभुनाथ चौधरी, जिला सर्जन डॉ. अनुपम किशोर और एचएम जिरेन से मुलाकात कर उन्हें सभी प्रगति व नवीन विकासों से अवगत कराया। राज्य पीएमयू टीम से डॉ. रंजना सिन्हा एवं अभय द्वारा भी दौरा किया गया, जबकि पीसी-एबीडीएम पूरे भ्रमण के दौरान उपस्थित रहे।


