गुमला | उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश के आलोक में शुक्रवार को उप विकास आयुक्त दिलेश्वर महतो की अध्यक्षता में जिला स्तरीय जन शिकायत निवारण दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर उप विकास आयुक्त से प्रत्यक्ष मुलाकात की। जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा उनके त्वरित और प्रभावी निवारण हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान राशन कार्ड, पेंशन, आवास, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, सड़क, बिजली, पेयजल, भूमि विवाद सहित अन्य जनहित से जुड़े कई मामलों पर सुनवाई की गई। जनता दरबार में पूनम देवी पति राजू साव, ग्राम देवरस नगर टोटो, थाना गुमला, जिला गुमला आवेदिका ने बताया कि मेरे पति गंभीर बीमारी से ग्रसित हैं। मेरे दो पुत्री है, जिनकी पढ़ाई कराने में कठिनाई हो रही है। आवेदिका द्वारा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में नामांकन कराने के लिए आवेदन दिया गया। उप विकास आयुक्त द्वारा आवेदन पत्र को जिला शिक्षा पदाधिकारी गुमला को आवश्यक कार्रवाई हेतु अग्रसारित किया गया।


