गिरिडीह | जीडी बगेडिया शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में शुक्रवार को अखिल भारतीय शिक्षण संस्थान, विद्या भारती के बैनर तले महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) यूनिट–1 द्वारा ‘सप्तशक्ति संगम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण, सामाजिक जागरूकता एवं सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम में शालिनी वैशिखियार (जिला मंत्री, भारतीय जनता पार्टी), पूनम बरनवाल (कुटुंब प्रबोधन अध्यक्ष) एवं स्वाति सिंह (सप्तशक्ति संगम जिला संयोजिका) मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय की एनएसएस पदाधिकारी वंदना चौरसिया ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं नवयुग गीत के साथ किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वाति सिंह ने कहा कि महिलाओं को दिखावे की संस्कृति से बचना चाहिए। उन्होंने प्री-वेडिंग शूट, भव्य जन्मदिन समारोह और अत्यधिक प्लास्टिक उपयोग से होने वाले सामाजिक एवं पर्यावरणीय नुकसान पर चिंता जताते हुए इससे बचाव का आह्वान किया। पूनम बरनवाल ने कुटुंब प्रबोधन विषय पर प्रकाश डालते हुए कहा कि परिवार में शक्ति, एकता और संस्कार बनाए रखना आवश्यक है।


