भास्कर न्यूज | अमृतसर 5 हजार रुपए के लेन-देन को लेकर दोस्त की हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने काबू किया है। 3 फरवरी को रात 12 बजे वेरका रेलवे फाटक के पास ई-ऑटो चालक अनु वर्मा का शव मिला था। अनु वर्मा के दोस्त ने ही अपने 2 साथियों के साथ मिलकर तेजधार हथियारों से हत्या की थी। आरोपी की पहचान पंकज निवासी बटाला रोड के रूप में हुई है। आरोपी के 2 अन्य साथियों की भी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने मामले को आईटी माहिरों की मदद से ही सॉल्व किया क्योंकि जहां शव मिला था वहां न तो कोई सीसीटीवी था और न ही किसी तरह का कोई क्लू मिला था। युवक के गले और पेट पर तेजधार हथियारों से हमला किया गया था जिससे शक हुआ कि युवक की हत्या करके वहां फेंका गया है। पुलिस ने तकनीकी टीम की मदद से कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और लोकेशन की जांच की, जिसमें मृतक और पंकज की लोकेशन एक ही आई। फिलहाल आरोपी को अदालत में पेश करके 2 दिन का रिमांड हासिल किया गया है। थाना जीआरपी के प्रभारी सुखविंदर सिंह ने बताया कि 3 फरवरी 2026 की रात करीब 12 बजे वेरका रेलवे फाटक के पास युवक का शव मिला था। पुलिस ने जांच शुरू की तो मृतक की पहचान अनु वर्मा निवासी बटाला रोड के रूप में हुई। जांच में सामने आया कि अनु वर्मा ई-ऑटो चलाता था। घर से निकलते समय उसने भाभी को बताया था कि लुधियाना जा रहा है और पंकज ने कोई सामान मंगवाया है, मगर वह लेकर नहीं आया। सामान के लिए पंकज ने उसे 5 हजार रुपए भी दिए थे। बाद में पैसे वापस लेने को लेकर उनमें बहसबाजी भी हुई। इसके बाद 3 फरवरी को पंकज ने अपने 2 अन्य साथियों के साथ अनु वर्मा को वहां पर खाने-पीने के बहाने बुलाया और तेजधार हथियारों से हत्या कर दी।


